Gita Acharan |Hindi

 

यदि कोई व्यक्ति मन को उनपर केंद्रित करने में असमर्थ है तो ऐसे लोगों के लिए श्रीकृष्ण ने अभ्यास योग की सलाह दी थी। वे आगे कहते हैं, "यदि तुम अभ्यास करने में असमर्थ हो, तो मेरा ध्यान करते हुए कर्म करने में तत्पर रहो। यहां तक कि मेरे लिए कर्म में संलग्न होकर भी, तुम्हें सिद्धि की प्राप्ति होगी। यदि तुम यह भी करने में असमर्थ हो, तो अपने आश्रय के रूप में मुझमें संलग्न रहते हुए, सभी कर्मों के फलों को त्यागकर स्वयं में केंद्रित हो जाओ अर्थात आत्मवान बनो" (12.10 और 12.11)।

प्रत्येक कर्म का एक कर्ता और कर्मफल होता है। एक मार्ग है कर्ता के भाव का त्याग करना जिसे श्रीकृष्ण ने 'मेरा ध्यान करते हुए कर्म करना' कहा है। दूसरे शब्दों में यह कर्तापन के भाव को परमात्मा को समर्पित करना है। दूसरा मार्ग कर्म के फल का त्याग करना है।

श्रीकृष्ण कहते हैं, "वास्तव में अभ्यास से श्रेष्ठ ज्ञान है, ज्ञान से श्रेष्ठ ध्यान है और ध्यान से श्रेष्ठ कर्मों के फल का परित्याग है और ऐसे त्याग से शीघ्र मन को शांति प्राप्त होती है" (12.12)।

हमारे अनुभवों के माध्यम से प्राप्त जागरूकता ही ज्ञान है। प्रबुद्ध लोगों के उपदेशों के माध्यम से भी ज्ञान प्राप्त किया जा सकता है। जागरूकता के लिए स्वयं को बदलने की आवश्यकता है जो कोई आसान कार्य नहीं है। जिन्हें खुद को बदलना मुश्किल लगता है उन लोगों के लिए ध्यान एक आसान तरीका है।

कर्म के फल को त्यागकर कर्म करना (2.47) भगवद गीता का मूल उपदेश है। सबसे पहला प्रश्न यह उठता है कि इस राह पर अपनी प्रगति को हम कैसे मापें। श्रीकृष्ण ने आश्वासन के साथ एक तरीका सुझाया कि कर्मों के फल का त्याग करने से मन की शांति तुरंत मिलती है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि हम कितने सफल या असफल हैं या हमारी बाहरी परिस्थितियां कितनी अच्छी या बुरी हैं। 'मन की शांति' की मात्रा को आध्यात्मिक यात्रा में हमारी प्रगति को मापने के लिए किया जा सकता है।

https://epaper.punjabkesari.in/clip?2274211


Contact Us

Loading
Your message has been sent. Thank you!